
अगले दिन हम जल्दी ही उठे ,सीधे नदी में स्नान किया और सीधे चित्रकूट में स्थित सबसे महत्वपूर्ण ,शायद भगवान राम के प्रवास काल का साक्षी ,”” कामदगिरि “” पर्वत की परिक्रमा के लिए चल पड़े।

इस पर्वत की परिक्रमा का पूरे हिंदू धर्म में उतना ही महत्व है जितना मथुरा में स्थित ,भगवान श्री कृष्ण के काल का साक्षी “” गोवर्धन पर्वत “” जिसकी बाइस किलोमीटर लंबी परिक्रमा,जिसके किए बिना मथुरा की यात्रा अधूरी मानी जाती है ,बस अंतर यही है कि कामदगिरि पर्वत की परिक्रमा केवल पांच किलोमीटर लंबी ही है।

आज भी इस पर्वत के आस पास फैले वन क्षेत्र में कहते हैं कि अनेकों साधु सन्यासी ,गुप्त रूप से तपस्या करते रहते है।

कार से उतर ,थोड़ा पैदल चल , हम यात्रा स्थल के आरंभ में स्थित ,काले रंग में सजे ,भगवान राम जी एवम उनसे अनुगृहत पर्वत “कामदगिरि”की मूर्तियों के दर्शन करने जा पहुंचे।

मान्यता भी है कि बिना इनके दर्शन करे ,यात्रा आरंभ नही करनी चाहिए।इस बड़े से मंदिर में भी यात्रियों की भीड़भाड़ ,पूजन सामग्रियों से उठते खुशबूदार धुएं से अपने को धन्य करते हमने यात्रा आरंभ की ।

ये क्या ! यहां भी मुझे कल की ही तरह ,बदलते काल का अनुभव हुआ।बीस वर्ष पहले यहां एक आध दुकान ही होती थी ,थोड़े से यात्री ,परिक्रमा मार्ग में स्थित कुछ गिने चुने मंदिरों में स्थित मूर्तियां एवम उनके साधुओं के दर्शन कर, परिक्रमा पूरी करते थे ,वहीं आधुनिक काल में उनका स्थान ,पूरे परिक्रमा मार्ग में स्थित सैकड़ों दुकानों ,घरों ने ले लिया था ।वे प्राचीन मंदिर तो कहीं इन सब के पीछे शायद महत्व विहीन से हो गए थे।

एक बात और , जहां पहले यात्रा मार्ग एक दम कच्चा ,हरियाली से भरा पूरा होता था , वहीं अब ये पूरा पथ धूप से बचने के लिए टीन की चादरों से ढका हुआ , एवम टाइलों से बनी सड़क में बदल चुका था। थोड़ी थोड़ी दूर पर घूमती आवारा गायों ,दोनो ओर बैठे ,हाथ फैलाते भिकारी श्रृद्धा से भरे हृदय में कहीं ना कहीं कचोटते रहते थे।

खैर हमें क्या ,इन सब बातों ,परिवर्तनों को नजर अंदाज करते ,मन ही मन श्री राम का स्मरण करते लगभग दो घंटों में ,हमने ये परिक्रमा पूरी कर ली ,परिक्रमा पथ के अंत में वही मंदिर था , जहां से परिक्रमा आरंभ होती है।

पुनः एक बार भगवान कामदगिरि एवम श्री राम के दर्शन करते ,,उनके चरण धूली को अपने माथे पर लगाते हम वापसी की अपनी यात्रा पर निकल पड़े ।

जय श्री राम ,जय श्री कामदगिरि ।

टिप्पणी करे